मंगलवार, 14 अप्रैल 2015

अपने हिस्से का चाँद...



अपने हिस्से का चाँद
तुम्हारे शहर भेजा है
वो चाँद जो हमारे
इश्क़ का गवाह है
वो चाँद ...

जिससे रौशन थी हमारी दुनिया
वो चाँद
जो हमारी खुशियों का
साझेदार है
वो चाँद
जो हमारी ज़िन्दगी का
राज़दार है
वो चाँद
जो ख़फ़ा था
हमारे झगड़े पे
वो चाँद
जो उदास था
हमारे आंसुओं के संग
वो चाँद
जो ग्रहण में खो गया था
हमारे जुदा होने पे
अपने अपने हिस्से का चाँद
ले आये थे हम
वही अधूरा चाँद भेजा है
तुम्हारे शहर
शायद ये चाँद ले आये
तुम्हारी कोई ख़बर
हम दोनों का चाँद बन जाए
खुशियों का सबब....


गुरुवार, 5 मार्च 2015

निर्भया के गुनहगार...



एक मुकेश
तिहाड़ के अंदर है
वो मुकेश
जिसने बलात्कार किया
जिसने अपने साथियों के संग
निर्भया की क्रूरता से हत्या..
वो मुकेश तो
जेल के अंदर है..
लेकिन 
ऐसे कितने मुकेश
घूम रहे हैं हमारे आसपास
रोज़ाना हमारे शरीर का
आंखों से करते हैं बलात्कार...
ऊपर से लेकर नीचे तक घूरती निगाहें
फब्तियां कसते हुए
हमारे जिस्म को 
छूने के लिए बहाने करते हुए...
सभ्य समाज के सफेदपोश
ना जाने कितने
खून के दाग छिपाए हुए हैं...
वो जो 
हमारे कपड़ों का फैसला करते हैं
हमको जीन्स..शॉट्स...स्कर्ट नहीं पहनना है...
हमारे घर से निकलने का समय तय करते हैं
वो जो 
हमारे आसमान को
हमारी उड़ान को
हमारी आज़ादी को
अपनी घिनौनी..क्रूर और बीमार 
मानसिकता से कुचल देते हैं...
जेल में तो 
सिर्फ एक मुकेश बंद है
वो जो
बलात्कारी है..हत्यारा है
लेकिन 
उन हज़ारों करोड़ों मुकेश का क्या
जो कुंठित हैं...मर्दानगी के नशे में चूर हैं
जो तेज़ाब में बुझे हुए हैं
उनका क्या जो
घरों में बच्चियों को नहीं छोड़ते
उनका क्या जो लड़कियों को संपत्ति समझते हैं
नन्हीं कलियों को खिलने नहीं देते
कैसे बंद कर दूं इन्हें जेल में
जो कुंठित मानसिकता के हैं
बलात्कारी..हत्यारे 
ने तो वही कहा
जो आप सोचते हैं
जो आप कहते हैं
क्यों उसके बयान पर बवाल
क्यों उसके सच पर
इतना हंगामा 
आपका हमारा खून तो
घिनौनी मानसिकता पर खौलना चाहिए
तब तो हम
खामोश रहते हैं
क्यो ?
क्योंकि आईना किसी को रास नहीं आता
रोज़ना ना जाने 
ऐसे कितने मुकेश
देते हैं ऐसी वारदातों को अंजाम
ना जाने कितने माननीयों के तथाकथित बयान
चलाते हैं धड़ल्ले से न्यूज़ चैनल्स पर
तब हमको शर्म क्यों नहीं आती
तब हम बैन क्यों नहीं लगाते
कैसे रोंकेगे समाज में खुलेआम घूम रहे 
घिनौनी मानसिकता वाले मुकेश को..
कैसे लगाएंगे उनकी मानसिकता के प्रसारण पर रोक...

गुरुवार, 26 फ़रवरी 2015

वो हरा स्वेटर



अलमीरा में
कुछ तलाशते हुए
हाथ लग गया वो
हरे रंग का स्वेटर...
वहीं स्वेटर 
जो तुम लाए थे 
बड़े शौक 
बड़े प्यार से...
ये सोच के 
कि 
बहुत जचेगा
मुझ पे वो 
हरा रंग...
हां 
तुम सही थे
मैं खिल जाती हूं
उस हरे रंग में
और निखर आती है
उस 
हरे स्वेटर में...
शोख, चंचल
खुद पे इतराती 
फिरती हूं...
जब भी 
हाथ लगाती हूं
उस हरे रंग के स्वेटर पर
हमारे रिश्ते की 
पाकीज़गी को 
महसूस कर लेती हूं...
वो रिश्ता जो
अधूरा होते हुए भी
पूरा था...
हम दूर होते हुए
बेहद करीब थे...
जो किसी से ना कहते
वो इक दूजे से 
साझा करते...
आज भी 
संभाल के रखा है
उस अधूरे से 
पूरे रिश्ते को
उसी तरह
जैसे
संभाल के रखा है
तुम्हारा दिया हुआ
वो हरा स्वेटर...