बुधवार, 25 दिसंबर 2013

चलो हर बात बताती हूँ तुम्हें

चलो हर बात बताती हूँ तुम्हें
अपना हाले दिल सुनाती हूँ तुम्हें
किस तरहा जीती हूँ तुम्हारे बगैर
हर ज़ख्म खोल के दिखाती हूँ तुम्हें...
तुमने बदले रास्ते और मंजिल अपनी
मैं तेरे इंतज़ार में खड़ी हूँ बताती हूँ तुम्हें
चलो हर बात बताती हूँ तुम्हें....
संग जीने मरने की खाई थी कसमें तुमने
हर भूला  वादा याद दिलाती हूँ तुम्हें
हर रोज़ मुझसे मिलने को तड़पते थे तुम
इक लम्हा भी जुदाई से डरते थे तुम
वो हर लम्हां हर वक़्त याद दिलाती हूँ तुम्हें
चलो हर बात बताती हूँ तुम्हें...
मेरे आगोश में हर ग़म से सुकून पाते थे
मेरे पहलु में हर परेशानी भूल जाते थे
अब सूना पड़ा है मेरा दामन तब से
उसकी वीरानगी दिखाती हूँ तुम्हें
चलो हर बात बताती हूँ तुम्हें...
मेरी आँखों में डूबने की ख्वाइश थी तेरी
अब ये पथराई नज़रें दिखाती हूँ तुम्हें
चलो हर बात बताती हूँ तुम्हें
ज़िन्दगी बेरंग बेज़ार नज़र आती है
फिर भी तेरी याद चली आती है
कैसे जीती हूँ तेरी यादों के सहारे अब
इक बार नज़रे इनायत हो तो बताती हूँ तुम्हें
चलो हर बात बताती हूँ तुम्हें
अपना हाले दिल सुनाती हूँ तुम्हें....

रविवार, 22 दिसंबर 2013

करते हैं एक शुरुआत...

चलो फिर से
करते हैं एक शुरुआत
फिर से बन जाते हैं अजनबी
इस तरह जैसे
नदी के दो धारे...
इस तरह
जैसे सुबह और शाम
चलो फिर से
करते हैं एक शुरुआत
वहां से
जहाँ हम मिले थे
वहां से
जहाँ से हम बिछड़े थे
वहां से
जहाँ जुदा हो गईं थी हमारी राहें
चलो फिर से
करते हैं एक शुरुआत....
तुम हम
अब एक संग हो लेते हैं
एक रास्ता
और एक मजिल कर लेते हैं
चलो फिर से
करते हैं एक शुरुआत....

शनिवार, 21 दिसंबर 2013

सरे बाज़ार मार दी गयी...

सरे बाज़ार
मार दी गई
मुझे गोली
सरे बाज़ार
उड़ा दी गईं
क़ानून की धज्जियाँ
हौसला दिखाया था मैंने
हिम्मत कि थी मैंने
अपनी अस्मिता, इज़ज़त
को चकनाचूर होने से
बचाने को कोशिश कि थी
लेकिन हौसला तो देखिये
मुझे अपनी संम्पति समझने वालों का
नहीं बर्दाश्त कर पाये मेरी ना
क़त्ल कर दिया  मुझे
तब
जब देश याद कर रहा था
निर्भया को
उसी वक़्त
मार दी गई
एक और निर्भया...